
रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का विरोध प्रदर्शन सोमवार, 10 अगस्त को और तेज हो गया। बड़ी संख्या में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े। छात्रों ने बेरीकेडिंग तोड़ने की कोशिश की। प्रदर्शनकारियों की मुख्य नाराजगी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और परीक्षा प्रक्रिया को लेकर है।
पुलिस ने वाटर कैनन चलाई
पुलिस ने छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने वाटर कैनन चलाई। छात्रों की पुलिस के साथ झड़प हुई।
ये है छात्रों की मांग
छात्रों का आरोप है कि कुछ भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों की शिकायतों के बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शनकारी कई परीक्षाओं को रद्द करने, कथित अनियमितताओं की जांच कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग कर रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्र में बढ़ी सुरक्षा
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विधानसभा के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है। इसके बाद भी छात्र रुक नहीं रहे हैं।
सरकार और छात्रों के दावों में अंतर
छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के दावों में अंतर भी सामने आया है। सरकार का कहना है कि छात्रों की अधिकांश मांगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं, आंदोलनकारी छात्र सरकार के इस दावे से संतुष्ट नहीं हैं।
छात्रों का कहना है कि जिन परीक्षाओं को लेकर गंभीर आपत्तियां उठाई गई थीं, उनमें से सभी मामलों में उनकी मांग के मुताबिक कार्रवाई नहीं हुई है। इसी वजह से आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया गया है।
सीएम सोरेन ने छात्रों से कही बातचीत की बात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से भी छात्रों की चिंताओं को लेकर प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों की चिंताएं सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण हैं। सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।