भगवान काल भैरव जी के जन्मोत्सव पर लगेगा 101 गंज खीर का महाभोग, जानें तारीख और कार्यक्रम

संस्कारधानी जबलपुर में भक्तिमय माहौल की तैयारी

जबलपुर। भगवान शंकर भोलेनाथ काशी के राजा हैं और काल भैरव काशी के कोतवाल यानी संरक्षक। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो भी व्यक्ति काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करता है, उसे काल भैरव का दर्शन अवश्य करना चाहिए तभी उसकी पूजा पूर्ण होती है।

गढ़ा स्थित प्राचीन सिद्ध धाम में जारी है परंपरा

पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि जो व्यक्ति काशी विश्वनाथ नहीं जा पाते, उनके लिए संस्कारधानी जबलपुर के गढ़ा स्थित प्राचीन सिद्ध धाम में भगवान काल भैरव जी की आराधना का विशेष महत्व है। यह मंदिर लगभग 500 वर्ष पुराना है और इसका निर्माण रानी दुर्गावती के शासनकाल में राजा संग्राम शाह ने अपने कुलदेवता की आराधना के लिए कराया था।

पिछले 41 वर्षों से यहां निरंतर पूजन, अर्चन, आरती, हवन और भंडारे की परंपरा चल रही है। काल भैरव समिति के प्रवक्ता पंडित चंद्रशेखर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिवंगत गया प्रसाद सराफ द्वारा प्रारंभ किया गया यह दो दिवसीय आयोजन आज भी उसी श्रद्धा से जारी है।

भव्य आयोजन में जुटी समिति

समिति के प्रमुख सदस्यों में अरविंद सराफ, पंडित अशोक मनोध्या, शरद दुबे, सीताराम दुबे, रामकृष्ण ताम्रकार, बालाराम सोनी, मुकेश गर्ग, गुरुप्रसाद सराफ, बंटी श्रीवास, शिवम् सराफ, राहुल तिवारी, मूलचंद्र कोस्टा, राकेश आसाटी, संजय उपाध्याय, लाला शुक्ला, विजय नोरिया, नीरज दुबे, संदीप उपाध्याय, कृष्णा सराफ और विवेक सोनी सहित पूरी टीम आयोजन में समर्पित भाव से जुटी है।

12 नवंबर को लगेगा 101 गंज खीर का महाभोग

इस वर्ष 12 नवंबर को श्री कालभैरव अष्टमी का पावन पर्व मनाया जाएगा। इस दिन भगवान काल भैरव जी का रुद्राभिषेक, पूजन-अर्चन, महाश्रृंगार और 101 गंज खीर का भव्य महाभोग लगाया जाएगा। महाप्रसाद दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक वितरित किया जाएगा।

11 नवंबर से होगा अखंड मानस पाठ

भगवान के जन्मोत्सव पर 11 नवंबर, मंगलवार को अखंड मानस पाठ का शुभारंभ होगा। इसके पश्चात 12 नवंबर, बुधवार को भगवान श्री महाकाल भैरव जी की महाआरती और महाप्रसाद वितरण रात्रि 8 बजे से आरंभ होगा।

श्रद्धालुओं से सहभागिता का आग्रह

समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से इस आयोजन में सम्मिलित होने और सहयोग देने का आग्रह किया है। श्रद्धालु मंदिर आकर या ऑनलाइन माध्यम से भी सहयोग कर सकते हैं।

श्री कालभैरव अष्टमी परिवार एवं आयोजन समिति गढ़ा बाजार, जबलपुर द्वारा समस्त भक्तों को इस भव्य आयोजन में सादर आमंत्रित किया गया है।

Back to top button