मध्‍य प्रदेश में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा: मौसम विभाग

भोपाल/जबलपुर। सावन के पहले सोमवार को मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। विशेषकर प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। जबलपुर में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया और शाम करीब 4 बजे जोरदार बारिश हुई। इससे पहले सुबह से ही रुक-रुक कर हल्की फुहारें पड़ती रही थीं, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई।

श्योपुर में सबसे ज्‍यादा बारिश

भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई।
श्योपुर जिले के बड़ौदा में सर्वाधिक 17 सेमी वर्षा हुई, जबकि सबलगढ़ (मुरैना) में 15 सेमी, खातेगांव (देवास) में 14 सेमी और बागली, पिपलौदा, सतवास जैसे स्थानों पर 11 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा शिवपुरी, गुना, उज्जैन, अशोकनगर, रतलाम और सीहोर जैसे जिलों में भी 7 से 10 सेमी तक वर्षा हुई। यह बारिश न केवल किसानों के लिए राहत लेकर आई है, बल्कि शहरों में भी मौसम सुहाना बना हुआ है।

पूर्वी मध्य प्रदेश में भी सक्रिय मानसून

जबलपुर समेत पूर्वी मध्य प्रदेश में सोमवार को बादल छाए रहे और शाम के समय अच्छी बारिश हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव की आराधना के बीच झमाझम बारिश से वातावरण भक्तिमय और ठंडा हो गया।

IMD ने पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए अगले कुछ दिनों में और तेज़ वर्षा की संभावना जताई है।

अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 और 17 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

राज्य के श्योपुर, मुरैना, देवास, शिवपुरी, गुना, रतलाम और सीहोर सहित कई जिलों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों में पानी बढ़ने के आसार हैं।

मौसम का मिज़ाज बना रहेगा ऐसा

प्रदेश भर में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कहीं-कहीं गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इस दौरान फसलों को नमी मिलने के साथ-साथ गर्मी से राहत मिलेगी। खासकर सावन के इस मौसम में बारिश ने पूरे प्रदेश को हरियाली से भर दिया है।

Back to top button