
पन्ना। महाराजा छत्रसाल जू देव की जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार शाम 7 बजे श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के मुख्य द्वार कमानी दरवाजे से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए छत्रसाल पार्क पहुंची, जहां महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं तिलक अर्पित किया गया।

पूजन-अर्चन के साथ हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा के शुभारंभ अवसर पर महाराजा छत्रसाल जू देव की विशाल प्रतिमा को जागनी रथ में विराजमान किया गया। कार्यक्रम में पन्ना नरेश छत्रसाल द्वितीय, सांसद बी.डी. शर्मा, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह, धर्म उपदेशक पंडित खेमराज शर्मा, पंडित योगेश शर्मा एवं पंडित दीपराज शर्मा सहित मंदिर के पुजारियों और श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेश शर्मा तथा सचिव प्रेम शर्मा ने सामूहिक रूप से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी।
घुड़सवार युवकों और बैंड-बाजों ने बढ़ाया उत्साह
शोभायात्रा में घुड़सवार नवयुवक हाथों में ध्वज लेकर चल रहे थे, वहीं बैंड-बाजों की मधुर धुन ने पूरे वातावरण को उत्साह और उल्लास से भर दिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत कर जयकारों के साथ महाराजा छत्रसाल का स्मरण किया।
महिलाओं ने प्रस्तुत किए वीरता के गीत
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने बुंदेलखंड के गौरव महाराजा छत्रसाल की वीरगाथाओं से जुड़े गीत प्रस्तुत कर श्रद्धा व्यक्त की। उनके भक्ति एवं वीर रस से ओतप्रोत गीतों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया।
विभिन्न समाजों और राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
शोभायात्रा में नगरवासियों के साथ बुंदेला समाज, धामी समाज एवं विभिन्न राज्यों से पधारे सुंदरसाथ बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे आयोजन ने नगर में धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक गौरव की भावना को सुदृढ़ किया।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा