मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत एमपी ट्रांसको एमडी ने मनेरी सबस्टेशन का किया निरीक्षण

जबलपुर। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने शुक्रवार को जबलपुर जिले स्थित 132 केवी मनेरी एक्स्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सबस्टेशन की विद्युत व्यवस्था, रखरखाव कार्यों तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की।

आउटसोर्स कर्मचारियों से सीधे संवाद किया

निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक श्री तिवारी ने आउटसोर्स कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी कार्य परिस्थितियों, आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए तथा उनके सुझाव भी प्राप्त किए। श्री तिवारी ने कहा कि विद्युत व्यवस्था की मजबूती में मैदानी स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कंपनी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

क्षेत्र भ्रमण और जन-संवाद के माध्यम से समस्याओं के निराकरण पर जोर

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत राज्य शासन द्वारा अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण, निरीक्षण, जन-संवाद एवं जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एमपी ट्रांसको द्वारा प्रत्येक शुक्रवार को फील्ड भ्रमण कर विद्युत अधोसंरचना, लोक सेवाओं के समयबद्ध प्रदाय तथा शिकायतों के निराकरण की समीक्षा की जा रही है।

सीएम हेल्पलाइन और लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश

प्रबंध संचालक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के चार प्रमुख स्तंभ—संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी—को आत्मसात करते हुए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कार्य करें।

तकनीकी व्यवस्थाओं और अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण के दौरान सबस्टेशन की विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया तथा संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Back to top button