
जबलपुर। मौसम में सुबह ठंडी हवा, फिर धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि, ऐसा मौसम बीमार करने के लिए काफी है। मौसम के नखरे से बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक परेशान हैं, बीमार हो रहे हैं। सुबह उठते ही मौसम सुहावना लगता है लेकिन जैसे ही लोग अपने ऑफिस जाने या घर से बाहर किसी काम के लिए निकलते हैं, उन्हें यह मौसम सताने लगता है। सुबह का सुहावना मौसम धोखा दे देता है और लोग बीमार हो रहे हैं।
छाती में हो रहा इरिटेशन
मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ अजय तिवारी का कहना है कि तापमान में उतार चढ़ाव के कारण छाती में इरिटेशन की समस्या लोगों में हो रही है। सूखी खांसी की शिकायत लेकर मरीज अस्पताल और क्लीनिक पहुंच रहे हैं। इसके अलावा नाक और गले में भी इरिटेशन की समस्या हो रही है। अस्थमा के मरीजों को यह समस्या अधिक हो रही है। हालांकि बुखार की शिकायत नहीं मिल रही है। सर्दी, खांसी की शिकायत लेकर भी लोग पहुंच रहे हैं।
ये करें
मौसम में बदलाव के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। इससे धूप में घर से बाहर जाते वक्त चेहरे को गमझे से ढांककर बाहर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। ब्लड प्रेशर, अस्थमा से पीडि़तों को खुद का ध्यान रखना जरूरी है। वे बिना अपने डॉक्टर से जांच कराए कोई भी मेडिसिन न लें।
ये भी करें
- ताजा खाना खाएं
- पर्याप्त पानी पिएं
- बाहर का खाना न खाएं
- शरीर में डिहाइड्रेट न होने दें
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विज्ञान कार्यालय जबलपुर के अनुसार हाल के दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। 5 मई को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और 6 मई को 37.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 7 मई को तापमान बढ़कर 40 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 21 से 24 डिग्री के बीच बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक जिले में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है, साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के भी संकेत हैं। कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे अचानक मौसम में बदलाव महसूस होगा। विभाग ने बताया कि वर्तमान में मौसम का यह अस्थिर मिजाज ही लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है।