समाज के जीवन में विश्वास और सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं लाइनमैन

जबलपुर में केंद्रीयकृत कार्यक्रम में एमडी ने किया लाइन स्टाफ के साहस व समर्पण को नमन

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) में लाइनमैन दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम जबलपुर मुख्यालय में केंद्रीयकृत स्वरूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभागों से चयनित 13 लाइनमैनों सहित मुख्यालय में कुल 75 लाइनमैनों को प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने स्वयं सम्मानित एवं पुरस्कृत कर स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर लाइनमैनों ने कंपनी की जीरो एक्सीडेंट पालिसी के तहत सुरक्षा की शपथ ली एवं अपने अनुभव साझा किये।

अतिरिक्त मुख्य अभियंता नीलम खन्ना को विशेष आमंत्रण सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस की फ्रंटलाइन सीनियर-मोस्ट महिला अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना को भी ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष रूप से आमंत्रित कर केंद्रीयकृत समारोह में उच्च प्रबंधन द्वारा उन्हें सम्मान दिया गया।

इस अवसर पर प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी ने सभी लाइनमैनों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया। उन्होंने कहा कि आंधी, बारिश, भीषण गर्मी या गहरी रात जैसी विपरीत परिस्थितियों में जब कहीं अंधेरा छा जाता है, तब लाइनमैन ही सबसे पहले रोशनी बहाल करने के लिए आगे बढ़ते हैं।

उन्होंने कहा कि लाइनमैन केवल विद्युत लाइनों का संधारण ही नहीं करते, बल्कि समाज के जीवन में विश्वास और सुरक्षा भी सुनिश्चित करते हैं। उनकी सुरक्षा संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके अमूल्य योगदान के लिए पूरा एमपी ट्रांसको उनका आभारी है। उन्होंने सभी कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित कार्यजीवन की कामना की।

कार्यक्रम का संयोजन कार्यपालन अभियंता श्री एपीएस चौहान एवं संचालन सहायक अभियंता श्री जितेंद्र तिवारी ने किया।

Back to top button