
जबलपुर। हरे कृष्णा आश्रम, भेड़ाघाट से निकाली जाने वाली नर्मदा पंचकोसी परिक्रमा का चातुर्मास विश्राम प्रारंभ हो गया। परंपरा के अनुसार अब यह परिक्रमा चार माह तक चातुर्मास विश्राम पर रहेगी। संगमरमर की वादियों के बीच स्थित हरे कृष्णा आश्रम में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
हरे कृष्णा आश्रम, भेड़ाघाट के संस्थापक स्वामी रामचंद दास जी महाराज, संकीर्तनाचार्य सुरेश विश्वकर्मा एवं पंडित प्रदीप दुबे के सानिध्य में नर्मदा स्वर्ण कलश, भगवान राधा-कृष्ण, लड्डू गोपाल एवं तुलसी मैया की सामूहिक रूप से 108 परिक्रमा संकीर्तन के साथ सम्पन्न कराई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अधिमास के कारण उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
अधिमास होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। कई श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा के साथ पंचकोसी परिक्रमा भी की। आयोजन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
गोमती चक्र का किया गया वितरण
इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र वितरित किए गए। श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक आशीर्वाद के रूप में ग्रहण किया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नर्मदा महाआरती के संस्थापक एवं परिक्रमा अध्यक्ष डॉ. सुधीर अग्रवाल, परिक्रमा संरक्षक सुषमा शंकर पटेल, सह संकीर्तनाचार्य श्याम मनोहर पटेल, विनोद दीवान, मनोज गुलाबबानी, दुर्गा पटेल, झल्लू पटेल, शिव कुमार पटेल, कैलाश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।