
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तराखण्ड, नई दिल्ली समेत देशभर के आयुर्वेद, यूनानी, सिद्धा, सोवा-रिग्पा मेडिकल कॉलेजों के मापदण्ड, पाठ्यक्रम निर्धारण से लेकर मान्यता प्रदान करने वाले बोर्ड नेशनल कमीशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन (एनसीआईएसएम) बोर्ड के पदाधिकारियों की नवीन नियुक्तियों पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश पांडेय व देशभर के चिकित्सा शिक्षकों, चिकित्सकों, महाविद्यालय परिवार ने बधाई दी है। भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी मदनलाल मीणा ने उक्त आशय के आदेश जारी किए हैं।
चार वर्षों के लिए नियुक्ति
एनसीआईएसएम के अंतर्गत डॉ. मनीषा उपेंद्र कोथेकर चेयरपर्सन एनसीआईएसएम, डॉ. सुश्रुत कन्नौजिया प्रेसीडेंट बोर्ड ऑफ इथिक्स एंड रजिस्ट्रेशन फॉर इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन, डॉ. मुकुल पटेल प्रेसीडेंट मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड फॉर द इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसिन, डॉ. ए. प्रभु प्रेसीडेंट बोर्ड ऑफ आयुर्वेद तथा प्रोफेसर डॉ. आसिम अली खान प्रेसीडेंट बोर्ड ऑफ यूनानी, सिद्धा एंड सोवा-रिग्पा की नियुक्तियां भारत सरकार ने चार वर्षों के लिए की हैं।
देशभर के चिकित्सकों ने दी बधाई
एएमए के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. राकेश पांडेय ने भारत सरकार आयुष मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब और भी ज्यादा गति के साथ एनसीआईएसएम के अंतर्गत आयुर्वेद, यूनानी, सिद्धा व सोवा-रिग्पा बोर्ड कार्य कर आयुष डॉक्टर्स व कॉलेजों के हितार्थ कार्य करेगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश समेत देशभर में 750 से अधिक मान्यता प्राप्त एएसयू मेडिकल कॉलेज तथा आठ लाख से ज्यादा आयुष डॉक्टर्स हैं।