21 जून को होगी नीट (यूजी) परीक्षा, नई तारीख घोषित

नई दिल्ली। नीट (यूजी) परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। अब यह परीक्षा 21 जून को आयोजित होगी। इससे पहले 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा को पेपर लीक के कारण 12 मई को रद्द कर दिया गया था। इस परीक्षा में देशभर से 22.79 लाख छात्रों ने भाग लिया था।

शिक्षा मंत्री ने ली हाईलेवल मीटिंग

देर रात गुरुवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट (यूजी) परीक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में परीक्षा की स्थिति और आगे की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसके बाद नई तारीख की घोषणा की गई।

छात्रों को नहीं करना होगा दोबारा आवेदन

नीट (यूजी) परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही उन्हें किसी प्रकार की अतिरिक्त परीक्षा फीस भी नहीं देनी पड़ेगी। परीक्षा केंद्र भी पूर्व निर्धारित ही रहेंगे। परीक्षा का आयोजन नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा ही किया जाएगा।

छात्रों में राहत, तैयारी फिर शुरू

नई तारीख की घोषणा से छात्रों में राहत देखने को मिली है। छात्रों का कहना है कि समय पर तारीख घोषित होने से वे दोबारा अपनी तैयारी शुरू कर पाए हैं। यदि तारीख में देरी होती तो असमंजस की स्थिति बनी रहती।

पेपर लीक मामले की जांच जारी

नीट परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक की जानकारी सामने आने के बाद 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया। मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। इस केस में एफआईआर दर्ज की गई है और अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने 5 आरोपियों को 7 दिन की कस्टडी में भेजा है। गिरफ्तारियां राजस्थान के सीकर, हरियाणा के गुरुग्राम और महाराष्ट्र के नासिक से हुई हैं।

मेडिकल कोर्स में एडमिशन के लिए अहम परीक्षा

नीट (यूजी) परीक्षा देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, आयुर्वेद (बीएएमएस), बीएचएमएस और नर्सिंग कोर्स में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है।

Back to top button