
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। हीरों की नगरी पन्ना में एक बार फिर एक आदिवासी परिवार की किस्मत चमक गई है। जिले के अहिरगवां क्षेत्र की निजी हीरा खदान से आदिवासी युवक राकेश गोंड को 11.19 कैरेट वजन का जेम क्वालिटी का बेशकीमती हीरा मिला है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 40 से 50 लाख रुपये आंकी जा रही है।
दो साल पहले भी मिला था 19.22 कैरेट का हीरा
विशेष बात यह है कि इसी परिवार को जुलाई 2024 में कृष्णा कल्याणपुर स्थित पटी उथली हीरा खदान से 19.22 कैरेट का हीरा मिला था। उस हीरे की शासकीय नीलामी में 93 लाख रुपये की कीमत प्राप्त हुई थी। अब दो वर्ष बाद परिवार को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है।
हीरा कार्यालय में कराया जमा
हीरा धारक राकेश गोंड पिता चुनवादा गोंड सोमवार को अपने परिवार के साथ जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट परिसर के हीरा कार्यालय पहुंचे। यहां हीरे का विधिवत वजन कराया गया और नियमानुसार उसे हीरा कार्यालय में जमा कर दिया गया।
दो महीने की मेहनत लाई रंग
हीरा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश गोंड ने अप्रैल माह में निजी भूमि का पट्टा लेकर अपने भाइयों और रिश्तेदारों के साथ हीरा खदान का संचालन शुरू किया था। करीब दो महीने की लगातार मेहनत के बाद सोमवार को उन्हें 11.19 कैरेट का जेम क्वालिटी हीरा मिला।
शासकीय नीलामी में होगी बिक्री
यह हीरा आगामी शासकीय नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में प्राप्त राशि में से शासन द्वारा निर्धारित रॉयल्टी काटने के बाद शेष राशि हीरा धारक राकेश गोंड को प्रदान की जाएगी।
फिर बदली मेहनतकश परिवार की तकदीर
इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पन्ना की धरती आज भी मेहनतकश लोगों की किस्मत बदलने का माद्दा रखती है। लगातार दूसरी बार इस परिवार को बेशकीमती हीरा मिलने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।