पन्ना: पुलिस टीम पर हमला कर शासकीय हथियार लूटने वाले छह आरोपी गिरफ्तार

22 अक्टूबर की घटना में बड़ी सफलता

पन्ना। थाना बृजपुर में 22 अक्टूबर को पुलिस टीम पर हुए जानलेवा हमले और दो शासकीय रायफल लूटने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस प्रकरण में शामिल 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला जेल पन्ना भेज दिया है। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी।

क्या था पूरा मामला

22 अक्टूबर को थाना बृजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अपराध क्रमांक 86/25 धारा 105 BNS में फरार एवं इनामी आरोपी पंचम सिंह यादव ग्राम धरमपुर स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम आर्म्स और एम्युनिशन के साथ आरोपी की गिरफ्तारी हेतु मौके पर पहुँची।

पुलिस ने पंचम सिंह यादव को विधिवत गिरफ्तार कर थाने ले जाने की कार्रवाई शुरू की ही थी कि तभी आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों ने एक राय होकर पुलिस टीम का रास्ता रोक लिया। भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया और शासकीय कार्यवाही में बाधा डालते हुए टीम पर गंभीर रूप से प्राणघातक हमला किया। आरोपियों ने पुलिस टीम के कब्जे से दो शासकीय इंसास रायफलें मय लोडेड मैग्जीन छीन लीं।

पुलिसकर्मियों को आई गंभीर चोटें

हमले में थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह भदौरिया और आरक्षक रामनिरंजन कुशवाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए एम.पी. बिरला अस्पताल सतना ले जाया गया। इस घटना के बाद पुलिस ने 08 आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई तेज

पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक बखत सिंह ठाकुर (थाना प्रभारी अजयगढ़) को विवेचना अधिकारी नियुक्त किया। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹5,000-₹5,000 का इनाम घोषित किया गया था।

विवेचना अधिकारी और टीम ने लगातार तलाश और पतासाजी की। 14 नवंबर को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता तब मिली जब छह आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। बाद में पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार—कुल्हाड़ी एवं लाठी-डंडे—भी जप्त कर लिए।

बरामद सामग्री

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे जप्त किए हैं। सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई हेतु जिला जेल पन्ना भेजा गया है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button