28 जून से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान शुरू, जबलपुर में 3.89 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक

जबलपुर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ 28 जून 2026 को किया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि जबलपुर में 0 से 5 वर्ष आयु के कुल 3,89,226 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 2,468 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं, जिनमें 4,936 वैक्सीनेटर की ड्यूटी लगाई गई है।

मोबाइल एवं ट्रांजिट टीमों की भी रहेगी तैनाती

अभियान के दौरान 30 मोबाइल टीम तथा हाईरिस्क क्षेत्रों, ईंट भट्टों आदि में 106 ट्रांजिट टीमों की ड्यूटी लगाई गई है। रेलवे स्टेशन एवं रेलगाड़ियों में यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 40 टीमों की तैनाती की गई है। पल्स पोलियो वैक्सीनेटर दल जबलपुर से आने एवं जाने वाली सभी ट्रेनों में सवार होकर जिला सतना एवं नर्मदापुरम स्टेशन तक यात्रा करने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे।

363 सुपरवाइजर करेंगे अभियान की निगरानी

जिले में अभियान के प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 363 सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई है। पोलियो से बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों को पल्स पोलियो बूथ बनाया गया है। अभियान के प्रथम दिवस इन सभी बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को निःशुल्क पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

अभिभावकों से की गई विशेष अपील

कलेक्टर जबलपुर राघवेन्द्र सिंह एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने संस्कारधानी जबलपुर के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को अभियान के प्रथम दिवस ही निकटतम पल्स पोलियो बूथ पर ले जाकर “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलाएं। अधिक जानकारी के लिए अपने निकट के आंगनवाड़ी केंद्र अथवा आशा कार्यकर्ता एवं ए.एन.एम. से संपर्क किया जा सकता है।

Back to top button