रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आगमन 21 जून को

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36वां दीक्षांत समारोह 21 जून को आयोजित किया जाएगा। इस समारोह के लिए भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की औपचारिक सहमति प्राप्त हो चुकी है। राष्ट्रपति भवन से स्वीकृति मिलने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि समारोह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं कुलाधिपति मंगुभाई पटेल करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के मुख्य आतिथ्य में विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ था। लगभग दो दशक बाद किसी राष्ट्रपति की उपस्थिति में होने वाला यह समारोह छात्र-छात्राओं और विश्वविद्यालय परिवार के लिए ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।

141 विद्यार्थियों को मिलेंगे 240 स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के 141 छात्र-छात्राओं को 240 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा 182 शोधार्थियों को पीएचडी, 3 विद्या वाचस्पति (डी.लिट.), 1 डीएससी तथा 1 मानद उपाधि प्रदान किए जाने का प्रस्ताव है।

तैयारियों का जायजा लिया गया

कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल, मुख्य संयोजक प्रो. एस.एस. संधू, प्रो. राकेश बाजपेयी एवं प्रो. सुरेन्द्र सिंह की उपस्थिति में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न समितियों की तैयारियों का जायजा लिया गया। बैठक में मंच व्यवस्था, दीक्षांत शोभायात्रा, स्वर्ण पदक एवं उपाधि वितरण, आमंत्रण पत्र वितरण, लाइव प्रसारण, विद्युत व्यवस्था तथा पार्किंग प्रबंधन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

12 जून तक होंगे पंजीयन, रिहर्सल अनिवार्य

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पंजीयन तिथि में संशोधन किया है। संशोधित अधिसूचना के अनुसार स्वर्ण पदक प्राप्तकर्ताओं एवं पीएचडी उपाधि धारकों के ऑनलाइन आवेदन एवं पंजीयन अब 15 जून के बजाय 12 जून 2026 को शाम 5 बजे तक किए जा सकेंगे। इसके साथ ही 18 एवं 19 जून को प्रातः 11 बजे से शाम 5 बजे तक तथा 20 जून को पूर्ण गणवेश में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। सभी पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए रिहर्सल में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा।

Back to top button