
रायपुर। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3261 के अंतर्गत आने वाले 100 से अधिक रोटरी क्लबों द्वारा रोटरी वर्ष 2025-26 में किए गए उत्कृष्ट सेवा कार्यों को सम्मानित करने हेतु आगामी रविवार 7 जून को रायपुर में भव्य आयोजन “आभार मित्रों का” आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन रोटरी के सात प्रमुख कार्य क्षेत्रों — शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, पर्यावरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सामुदायिक विकास एवं पब्लिक इमेज — में उल्लेखनीय कार्य करने वाले क्लबों एवं पदाधिकारियों को समर्पित रहेगा।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं उड़ीसा सहित तीन राज्यों के रोटरी क्लब अध्यक्ष, सचिव एवं डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारी एक मंच पर एकत्र होंगे। आयोजन में सेवा और सम्मान के साथ तीनों राज्यों की समृद्ध संस्कृति की झलक भी गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देखने को मिलेगी।
डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमैन रोटे नितिन जैन एवं रोटे पंकज माहेश्वरी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोटरी वर्ष 2025-26 में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित जायसवाल एवं पल्लवी जायसवाल के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल एवं पर्यावरण संरक्षण सहित रोटरी की पब्लिक इमेज को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक एवं प्रभावशाली कार्य किए गए हैं, जिनकी गूंज पूरे डिस्ट्रिक्ट में सुनाई दी।
आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने हेतु डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटे सोमनाथ अग्रवाल, रोटे अजित खंडेलवाल एवं रोटे सुशील रामदास अग्रवाल सतत रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं और आयोजन को यादगार बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
वहीं अवॉर्ड टीम के चेयरमैन रोटे दिलीप गोलछा, रोटे तनुश्री अग्रवाल, रोटे जागृति जोशी, रोटे कमलजीत अग्रवाल, रोटे शंकर अग्रवाल, रोटे पूनम सचदेव एवं रोटे उत्तम माहेश्वरी द्वारा उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले क्लबों की सूची एवं अपने कार्यों से डिस्ट्रिक्ट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले पदाधिकारियों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
“आभार मित्रों का” केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, मित्रता और रोटरी परिवार की एकता का उत्सव होगा, जहां पूरे डिस्ट्रिक्ट के रोटेरियन्स अपने वर्षभर के सेवा कार्यों की उपलब्धियों को साझा करते हुए नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ेंगे।