
जबलपुर। शनि जन्मोत्सव और साल की पहली शनिश्चरी अमावस्या के शुभ अवसर पर तिलवारा शनिधाम स्थित प्राचीन शनिदेव मंदिर में भगवान शनिदेव का सहस्त्र कमल, मोगरा, रजनीगंधा, आक, केवड़ा और गुलाब के फूलों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। भव्य महोत्सव के दौरान श्री रामचरित मानस पाठ विश्राम के साथ सायं अगर, चंदन, तेल और सुगंधित इत्र से शनि महाभिषेक किया गया।

56 भोग और सहस्त्रार्चन से हुआ पूजन
मथुरा-वृंदावन से आए महाराज द्वारा निर्मित 56 भोग भगवान को अर्पित किए गए। फूलों और फलों से सहस्त्रनाम सहस्त्रार्चन किया गया तथा सायंकाल दिव्य महाआरती संपन्न हुई।
विशेष भंडारे में परोसे गए विविध व्यंजन
पूरे दिन सरसों तेल से बने कढ़ी-चावल, पूड़ी-सब्जी, खीर, खिचड़ी सहित विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का विशेष भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
देर रात तक चली संगीतमय शनि गाथा
प्रसिद्ध भजन गायक दीपक मेहता एवं कलाकारों द्वारा शनि गाथा की संगीतमय प्रस्तुति देर रात्रि तक दी गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
दुर्लभ योग में श्रद्धालुओं ने किया पूजन
मंदिर के व्यवस्थापक पं. सतीश तिवारी ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार भरणी और कृतिका नक्षत्र के साथ बुधादित्य और केदार योग में शनि जयंती का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने साढ़ेसाती और शनि की पीड़ा से मुक्ति के लिए काले तिल, खील, नींबू, तेल और सुगंधित इत्र अर्पित कर पूजन किया।
नर्मदा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़
शनि जयंती के अवसर पर नर्मदा घाटों में श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई और धर्मलाभ अर्जित किया।
विधि-विधान से हुआ पूजन अर्चन
श्री शनिधाम तिलवारा में विधि-विधान से पूजन-अर्चन पं. सतीश जी महाराज, पं. अनिल मिश्रा, नितिन शर्मा, भगवान दास चौरसिया, विध्येश भापकर, नितिन भाटिया, संजय तिवारी, शुभम तिवारी, सोनू कुररिया, हितेश पटेल, विवेक पाण्डेय, शिवा तिवारी, अशोक साहू, आशीष सिंगहरा, गणेश साहू, विजय पटेल, विजय ठाकुर, राजकुमार पटेल, लक्ष्मण पटेल, गौरव सेनी, करण भट्टाचार्य, पट्टू उर्प्रीत, सचिन बुधौलिया, गेंदू सेन, मनीष साहू, प्रदीप साहू, नितेश राजपूत, रितेश शुक्ला, ईश्वर दास, मुकेश राठौर, अभिषेक ठाकुर, मनोज ठाकुर, सचिन खटिक, ब्रजेश कुशवाह, प्रहलाद बंसल ने किया।