शरद यादव जयंती पर जबलपुर में राष्ट्रीय संवाद, लोकतंत्र और छात्र राजनीति पर होगी चर्चा

जबलपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता स्वर्गीय शरद यादव की जयंती पर 1 जुलाई को जबलपुर में पौधारोपण एवं राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शरद यादव विचार मंच एवं रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पूर्व छात्र संघ (शिक्षण विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का विषय “लोकतंत्र का भविष्य और छात्र राजनीति : संघर्ष, संवाद एवं नेतृत्व निर्माण” रखा गया है।

पौधारोपण के साथ होगा कार्यक्रम का शुभारंभ

आयोजकों ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे अंबेडकर चौक स्थित ललित गार्डन में पौधारोपण से होगी। इसके बाद दोपहर 1 बजे गोलबाजार स्थित शहीद स्मारक में राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

ये होंगे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि

राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मुख्य अतिथि, सांसद आशीष दुबे अध्यक्ष तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, राजा पटेरिया एवं महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

शरद यादव के योगदान को किया जाएगा याद

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि शरद यादव ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत जबलपुर से की थी। रेलवे जोन, ट्रिपल आईटी, छोटी लाइन को बड़ी लाइन में बदलने, बरगी परियोजना की नहरों के विस्तार, डुमना हवाई अड्डे के विकास तथा किसानों, मजदूरों और पिछड़े वर्गों के हितों के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने सामाजिक न्याय, मंडल आयोग की सिफारिशों के क्रियान्वयन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नागरिकों से शामिल होने की अपील

आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर लोकतंत्र, छात्र राजनीति और नेतृत्व निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आयोजित संवाद का हिस्सा बनने की अपील की है।

 

Back to top button