
नई दिल्ली। कश्मीर के टीटवाल स्थित ऐतिहासिक शारदा मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा तथा सेव शारदा कमेटी कश्मीर के अध्यक्ष रविंद्र पंडिता ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चमकोट से टीटवाल तक सड़क चौड़ीकरण एवं मंदिर के समीप यात्री निवास निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
सड़क चौड़ीकरण और यात्री निवास की मांग
प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि टीटवाल स्थित ऐतिहासिक शारदा मंदिर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सीमावर्ती पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं, लेकिन चमकोट से टीटवाल तक लगभग 7 किलोमीटर लंबा मार्ग अत्यंत संकरा होने के कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
राष्ट्रीय राजमार्ग 701 के विस्तार की आवश्यकता
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग – 701 का चौड़ीकरण चमकोट तक किया जा रहा है, किन्तु आगे टीटवाल तक सड़क के विस्तार की अत्यंत आवश्यकता है। प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ मंदिर के समीप आधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्री निवास का निर्माण भी कराया जाए, जिससे देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
विरासत और आस्था का प्रमुख केंद्र
राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि शारदा मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि कश्मीर की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने केंद्र सरकार से मंदिर क्षेत्र के समग्र विकास, सड़क निर्माण तथा श्रद्धालुओं के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
सरकार से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद
सेव शारदा कमेटी कश्मीर के अध्यक्ष रविंद्र पंडिता ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करेगी, जिससे शारदा मंदिर क्षेत्र धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से और अधिक विकसित हो सके।