सृष्टि मिश्रा को न्याय दिलाने पवई में निकला कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी देने की मांग

पवई (पन्ना)। प्रयागराज के एक निजी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर सोमवार शाम पवई नगर में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। नगर के आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. अनुराग मिश्रा की 22 वर्षीय पुत्री सृष्टि मिश्रा की 20 जून को हुई मौत के विरोध में बड़ी संख्या में नागरिकों ने कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

जगदीश स्वामी मंदिर से जय स्तंभ चौक तक निकला कैंडल मार्च

हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग से जुड़ी तख्तियां लिए नागरिकों ने स्थानीय जगदीश स्वामी मंदिर से कैंडल मार्च प्रारंभ किया। यह मार्च बस स्टैंड, अजय मेडिकल सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जय स्तंभ चौक पहुंचा। पूरे मार्च के दौरान लोगों ने “सृष्टि मिश्रा को न्याय दो” और “दोषियों को फांसी दो” जैसे नारों के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराया।

निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग

कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

सामाजिक संगठनों और नागरिकों की रही सहभागिता

कैंडल मार्च में सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने एक स्वर में घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

मार्च का समापन जय स्तंभ चौक पर श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ, जहां उपस्थित लोगों ने सृष्टि मिश्रा की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे आयोजन के दौरान माहौल शांतिपूर्ण एवं अनुशासित रहा तथा लोगों ने लोकतांत्रिक तरीके से न्याय की मांग बुलंद की।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा

Back to top button