मंगलगान से गूंजेगा समवशरण मंडप, तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव

जबलपुर। संस्कारधानी के हनुमानताल शुक्रवारी बजरिया में सुंदर एवं मनोहारी वेदी एवं शिखर से सुशोभित श्री तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय का भव्य निर्माण ट्रस्ट कमेटी द्वारा किया गया। जिसकी तीन दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव की जोरदार तैयारी वेदी सूतन कर्ता धर्मप्रेमी रामडिम मूरी परिवार एवं सकल तारण समाज द्वारा चल रही है।

समवशरण मंडप में गूंजेगा मंगलगान

महोत्सव के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव हेतु फ़ुटताल स्कूल प्रांगण में बने समवशरण मंडप में प्रतिदिन आध्यात्म की गंगा, भक्ति की यमुना एवं सिद्धांत की सरस्वती ऐसी पावन त्रिवेणी में सकल समाज स्नान करेगा।

महोत्सव के दौरान प्रभात फेरी, मंत्रजप, मंदिर विधि, मंगल प्रवचनों सहित जिनवाणी अस्थाप, कलशारोहण, वेदी सूतन एवं तिलक महोत्सव के आयोजन होंगे।

संतों और संगीतकारों के श्रीमुख से बहेगी जिनवाणी

तीन दिवसीय मंगलकारी महोत्सव में समाज के युवा संगीतकार नंदन जैन छिंदवाडा, स्वर कोकिला बाल ब्रह्मचारिणी कुमुद जैन सिलवानी, अंकित समैया एवं रागिनी जैन जबलपुर के श्रीमुख से आध्यात्म की गंगा बहेंगी।

वहीं आगंतुक त्यागी व्रती साधकों के श्रीमुख से मां जिनवाणी का रसस्वादन करने का सौभाग्य संस्कारधानी को प्राप्त होगा।

सकल समाज में उत्साह का वातावरण

जिनधर्म प्रभावक नितिन जैन ने बताया कि महोत्सव को लेकर वेदी सूतन कर्ता परिवार सहित सकल समाज में अपार उत्साह एवं खुशी का वातावरण बना हुआ है और सभी मिलकर जोरदार तैयारी कर रहे हैं।

जिनके आमंत्रण पर पूरे देश से समाज बंधु संस्कारधानी पधार कर धर्माराधना करेंगे, जिसमें सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील सकल जैन समाज एवं धर्म प्रेमी बंधुओं से महोत्सव समिति सहित आयोजक परिवार द्वारा की गई है।

Back to top button