
जबलपुर। भगवत आराधना से सुख, समृद्धि और खुशहाली का मार्ग प्रशस्त होता है। राष्ट्र के सर्वांगीण विकास और उन्नति के लिए वर्षा अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि जल के बिना जीवन अधूरा है। इसी उद्देश्य से जबलपुर संस्कारधानी में उत्तम मानसून और अमृत तुल्य वर्षा की कामना के साथ नगर पंडित सभा द्वारा विशेष वरुण पर्जन्य पूजन का आयोजन किया गया।
देवताओं का अभिषेक और पूजन-अर्चन
कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीनाथ जी, नवग्रह, गणपति एवं मां नर्मदा का विधिवत अभिषेक, षोडशोपचार पूजन-अर्चन किया गया तथा अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। पूरे अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
आचार्यों के सान्निध्य में सम्पन्न हुआ अनुष्ठान
यह धार्मिक आयोजन आचार्य श्री वासुदेव शास्त्री, पं. रमेश दुबे, पं. अखिलेश, पं. संतोष शास्त्री, पं. अशोक पाण्डेय, पं. आशुतोष दीक्षित एवं पं. राजीव दुबे के आचार्यत्व में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन एवं पार्षद प्रतिभा विध्येश भापकर ने यजमान के रूप में सहभागिता की।
दुर्गा मंदिर सरस्वती कॉलोनी में हुआ आयोजन
यह आयोजन चेरीताल स्थित दुर्गा मंदिर, सरस्वती कॉलोनी में सम्पन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर उत्तम वर्षा, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।
श्रद्धालुओं की रही व्यापक उपस्थिति
वरुण पर्जन्य पूजन में नरेंद्र साहू, राजेश शर्मा, देवेन्द्र नेमा, प्रशांत गुप्ता, रघुराज सिंह ठाकुर, नवीन नेमा, महेंद्र सिंह रघुवंशी, बल्लू पटेल, सुनील ताम्रकार, आशु रजक, विध्येश भापकर, आशीष नेमा सहित अनेक श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।