सतना में पिस्टल से युवती ने खुद को गोली मारी, चित्रकूट के पूर्व विधायक के घर की घटना

शादी तय थी, मां ने बताया तिलक हो चुका था

सतना। चित्रकूट के पूर्व विधायक और कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव नीलांशु चतुर्वेदी के घर में काम करने वाली युवती सुमन निषाद ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। यह घटना चित्रकूट थाना क्षेत्र के चौबेपुर की है। जानकारी के मुताबिक युवती ने बाथरूम में जाकर पिस्टल से दाहिनी कनपटी पर गोली मारी।

घटना के बाद परिजनों का बयान

मृतिका की मां सुधिया ने बताया कि “दोपहर को हम सब खाना खाकर बैठे थे, तभी सुमन बाथरूम गई और खुद को गोली मार ली। उसकी शादी तय हो गई थी और तिलक भी हो चुका था। उसने अपने मन से यह कदम उठाया।”

कई वर्षों से कर रही थी काम

बताया जा रहा है कि मृतिका की मां नीलांशु चतुर्वेदी के घर में खाना, बर्तन आदि का काम करती थी। सुमन भी पिछले कुछ वर्षों से इसी घर में काम कर रही थी। उसके पिता की पूर्व में मृत्यु हो चुकी थी।

अस्पताल में इलाज के दौरान मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही चित्रकूट पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को जानकीकुंड अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गोली दाहिनी कनपटी के पास लगी थी।

एसडीओपी ने दी जानकारी

चित्रकूट एसडीओपी राजेश बंजारे ने बताया कि “एक युवती सुमन निषाद द्वारा खुद को गोली मारने की सूचना प्राप्त हुई थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और जांच जारी है। मौके से हथियार भी बरामद किया गया है।”

रिपोर्ट: फिरोज बागी

Back to top button