सटीक संपत्ति मूल्यांकन से सुरक्षित रहता है बैंक का ऋण

जबलपुर। इंस्टीट्यूशन ऑफ वैल्यूअर्स (आईओवी) की जबलपुर शाखा की ओर से 2 अक्टूबर को 57वें वैल्यूअर्स डे के अवसर पर सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने बैंकिंग व्यवस्था में संपत्ति के निष्पक्ष और सटीक मूल्यांकन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्य अतिथि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर अविनाश कुमार ने कहा कि वैल्यूअर्स द्वारा संपत्तियों का सही आकलन बैंक के ऋण को जोखिम से बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने वैल्यूअर्स को तकनीकी विशेषज्ञों का ऐसा वर्ग बताया, जो अपने कार्य के माध्यम से राष्ट्रहित में योगदान दे रहा है।

विशेष अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के असिस्टेंट जनरल मैनेजर रजत बोरडिया ने कहा कि संपत्ति के मूल्यांकन की निर्धारित और पारदर्शी प्रक्रिया से बैंकों की वित्तीय सुरक्षा मजबूत होती है।

वैल्यूअर्स को बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार रहने की सलाह

कार्यक्रम के प्रारंभ में शाखा अध्यक्ष पीसी टेंभरे ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने वैल्यूअर्स डे के आयोजन के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए संस्था के संस्थापक पीसी गोयल को भी स्मरण किया। संस्था सचिव संजय वर्मा ने भविष्य में बदलती जरूरतों और नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप वैल्यूअर्स को स्वयं को तैयार करने की आवश्यकता पर प्रस्तुतीकरण दिया।

दो विशेषज्ञों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में लंबे समय से क्षेत्र में समर्पित सेवाएं देने वाले प्रकाश चंद्र दुबे और राजकुमार साहू को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

पदाधिकारियों और सदस्यों की रही मौजूदगी

अतिथि स्वागत इंजी. सुशील अग्रवाल और संजय जैन ने किया। अक्षय एवं अमन अग्रवाल ने अतिथियों का परिचय कराया। संचालन संजय वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष पद्मेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर इंजी. अश्वनी शुक्ला, अभय शांडिल्य, मुकेश सोनी, विनोद अरोरा, दिनेश दवे, वीवी मौर्य, दिनेश कोष्ठा, पीके सोनी, शैलेन्द्र विश्वकर्मा, कनिष्क टेंभरे, कमल गुप्ता और प्रियांशु अग्रवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।