
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। हुनर, मेहनत और लगन के दम पर पन्ना जिले के युवा अजय अहिरवार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। शंघाई में आयोजित विश्व कौशल प्रतियोगिता में ब्रिकलेइंग (ईंट चिनाई) के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अजय ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। उनकी इस उपलब्धि से पन्ना जिले में गौरव का माहौल है।
अजय अहिरवार जेके सीमेंट द्वारा संचालित यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र हैं। उन्होंने इसी संस्थान से ब्रिकलेइंग का प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। तकनीकी बारीकियों को सीखने और लगातार अभ्यास के जरिए उन्होंने अपने कौशल को निखारा और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंचने का सफर तय किया।

तकनीकी प्रशिक्षण ने दिखाई राह
संस्थान के प्राचार्य मनीष कुमार बुनकर ने बताया कि अजय ने संस्थान से प्रारंभिक प्रशिक्षण लेकर अपने हुनर को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। उनकी मेहनत और उपलब्धि संस्थान के साथ-साथ पूरे पन्ना जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता से अन्य युवाओं को भी तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

छोटे शहरों के युवाओं के लिए बने प्रेरणा
अजय की उपलब्धि यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। उचित प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के सहारे छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात उनके कौशल और उपलब्धि को नई पहचान देने का अवसर बनी है।