गैसाबाद में गौर हरि संकीर्तन महोत्सव का भव्य समापन, भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु

पांच दशकों से चली आ रही हरिनाम संकीर्तन की परंपरा, आचार्य श्री हरिकृष्ण दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ भव्य आयोजन

गैसाबाद/दमोह। धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम गौर हरि संकीर्तन मंडल के चार दिवसीय वार्षिक महोत्सव में देखने को मिला। चार दिनों तक पूरा गैसाबाद नगर हरिनाम संकीर्तन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों से भक्तिमय बना रहा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।

आचार्य श्री के आगमन के साथ हुआ महोत्सव का शुभारंभ

30 अक्टूबर को वैष्णव संप्रदाय के वर्तमान आचार्य पूज्य श्री हरिकृष्ण दास जी महाराज के आगमन के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रतिदिन सुबह 7 बजे प्रभात फेरी एवं सत्संग तथा रात्रि 8 बजे आचार्य श्री के अमृतमयी प्रवचनों का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ लिया।

संकीर्तन यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह

महोत्सव के अंतर्गत भव्य संकीर्तन यात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्री रामकुमार जी मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए थाना परिसर, बस स्टैंड एवं हनुमान जी मंदिर पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन और जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता की।

पांच दशकों से चली आ रही है संकीर्तन की परंपरा

गौरतलब है कि गौर हरि संकीर्तन मंडल की यह धार्मिक परंपरा पांच दशकों से निरंतर चली आ रही है। गैसाबाद के मालगुजार परिवार के सदस्य स्वर्गीय तीर्थ प्रसाद श्रीवास्तव, संकीर्तन मंडल के प्रचारक एवं संस्थापक आचार्य श्री वासुदेव शरण बड़े सरकार (बिरही जी महाराज) को पहली बार गैसाबाद लेकर आए थे। इसी दौरान गांव में हरिनाम संकीर्तन मंडल की शुरुआत हुई थी।

आचार्य श्री वासुदेव शरण जी महाराज के प्रथम शिष्यों में स्वर्गीय धनीराम मिश्रा, ब्रजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव लंबरदार, बसंत चौरसिया, रामदास नामदेव, सुदामा दहायत एवं मोतीलाल सेन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने गुरु दीक्षा ग्रहण की थी। तभी से यह परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी निरंतर आगे बढ़ रही है।

महाप्रसाद और भंडारे के साथ हुआ समापन

वर्तमान आचार्य श्री हरिकृष्ण दास जी महाराज के पावन सानिध्य में चार दिवसीय गौर हरि संकीर्तन महोत्सव का समापन महाप्रसाद वितरण एवं भव्य भंडारे के साथ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, श्रद्धालु एवं शिष्य मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया