भारतमाला परियोजना के लिए एमपी ट्रांसको ने शिफ्ट किए 15 ट्रांसमिशन टावर

बरेला के पास 220 और 132 केवी की चार ट्रांसमिशन लाइनों की शिफ्टिंग, मल्टीसर्किट टावर तकनीक से बचाई अतिरिक्त जमीन

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने राष्ट्रीय हित की भारतमाला परियोजना के अंतर्गत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सड़क निर्माण संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए अपने तकनीकी सुपरविजन में कुल 15 ट्रांसमिशन टावरों की शिफ्टिंग का कार्य पूरा कराया है। यह कार्य भारतमाला परियोजना के पैकेज-1 के तहत गौर नदी, बरेला, जबलपुर के पास किया गया।

मल्टीसर्किट टावरों से संभव हुआ लाइनों का समायोजन

इस कार्य में 220 केवी के 9 और 132 केवी के 6 ट्रांसमिशन टावर शिफ्ट किए गए। एमपी ट्रांसको ने टावर शिफ्टिंग के लिए अलग-अलग ट्रांसमिशन कॉरिडोर विकसित करने के बजाय तकनीकी प्लानिंग और डिजाइन के माध्यम से मल्टीसर्किट टावरों का विकल्प अपनाया। इसके तहत एक ही टावर पर 220 केवी और 132 केवी की ट्रांसमिशन लाइनों का संयोजन किया गया।

इस तकनीकी व्यवस्था से शहरी क्षेत्र में सीमित जगह का बेहतर उपयोग करते हुए दोनों वोल्टेज स्तरों की लाइनों को समायोजित करना संभव हुआ। साथ ही, अलग ट्रांसमिशन कॉरिडोर के लिए अतिरिक्त जमीन की जरूरत से बचा जा सका और शेष जमीन का उपयोग अन्य विकास कार्यों के लिए संभव हुआ।

चार ट्रांसमिशन लाइनों की हुई शिफ्टिंग

एमपी ट्रांसको के कार्यपालन अभियंता जितेंद्र तिवारी ने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत बरेला-मानेगांव रोड सेक्शन में सड़क निर्माण के लिए निर्धारित रोड प्रोफाइल के कारण कंपनी की चार ट्रांसमिशन लाइनों के टावरों की शिफ्टिंग आवश्यक हो गई थी। इनमें 220 केवी जबलपुर-बिरसिंहपुर, 220 केवी जबलपुर-अमरकंटक, 132 केवी जबलपुर-मनेरी और 132 केवी जबलपुर-बरगी ट्रांसमिशन लाइन शामिल हैं।

जितेंद्र तिवारी ने बताया कि इस कार्य में 4 मल्टीसर्किट टावरों का उपयोग किया गया। इससे अलग ट्रांसमिशन कॉरिडोर के लिए अतिरिक्त राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) की आवश्यकता से बचा जा सका। टावरों की शिफ्टिंग का कार्य गौर नदी के पास एकता चौक-बरेला मार्ग के समीप किया गया।