
गैसाबाद। दमोह और पन्ना जिले को जोड़ने वाले गैसाबाद स्थित व्यारमा नदी के नए पुल पर आवागमन शुरू हो गया है। एप्रोच मार्ग का निर्माण पूर्ण होने के बाद सोमवार से वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से प्रारंभ कर दी गई। करीब 8 माह से बंद पड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग के चालू होने से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
8 माह से बंद था महत्वपूर्ण मार्ग
उल्लेखनीय है कि व्यारमा नदी के पुराने पुल को क्षतिग्रस्त घोषित किए जाने के बाद प्रशासन द्वारा आवागमन बंद कर दिया गया था, जिससे हटा-पन्ना मार्ग का सीधा संपर्क प्रभावित हो गया था। लंबे समय से स्थानीय नागरिक नए पुल के शीघ्र संचालन की मांग कर रहे थे।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के प्रयास लाए रंग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के प्रयासों के बाद पुल का शेष निर्माण कार्य पूर्ण हुआ और अब पुल को यातायात के लिए खोल दिया गया है। नए पुल के शुरू होने से दोनों जिलों के बीच आवागमन आसान होने के साथ व्यापारिक एवं दैनिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
क्षेत्रवासियों को दी गई शुभकामनाएं
भाजपा नेता लक्ष्मण तिवारी, मंडल अध्यक्ष गोपाल पटैल, मुकेश पटैल, रणधीर दाहिया एवं जितेंद्र चौरसिया ने पुल चालू होने की जानकारी देते हुए क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट: जिमी नगरिया