
जबलपुर। गाइडेंस एंड काउंसिलिंग पीजी डिप्लोमा में रानी दुर्गावती विश्व विद्यालय प्रशासन ने 30 अतिरिक्त सीटें बढ़ाई हैं। दरअसल कौशल विकास संस्थान द्वारा संचालित पीजी डिप्लोमा इन गाइडेंस एंड काउंसलिंग पाठ्यक्रम के एक वर्षीय इस पाठ्यक्रम की निर्धारित 30 सीटें तीसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया में ही पूरी तरह भर गईं। वहीं 40 से अधिक अतिरिक्त ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद विश्वविद्यालय ने छात्रहित में 30 सीटें और बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब इस पाठ्यक्रम में कुल 60 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
छात्रों की बढ़ती रुचि को देखते हुए लिया गया निर्णय
कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों से इस पाठ्यक्रम के प्रति विद्यार्थियों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। अधिक से अधिक इच्छुक विद्यार्थियों को अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीटें बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रम बन रहा युवाओं की पहली पसंद
कौशल विकास संस्थान के निदेशक प्रो. सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गाइडेंस एंड काउंसलिंग पाठ्यक्रम रोजगारोन्मुख होने के कारण युवाओं की पहली पसंद बन रहा है। सीटें भरने के बाद भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, इसलिए अतिरिक्त सीटों की स्वीकृति दी गई।
व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श संचालन समिति की संयोजक एवं मनोवैज्ञानिक डा. मीनल दुबे ने बताया कि गाइडेंस एवं काउंसलिंग के क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं लगातार बढ़ रही हैं। संस्थान में विद्यार्थियों को पूरे वर्ष सैद्धांतिक अध्ययन के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाता है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं।