
पन्ना। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस सप्ताह (23 से 29 जुलाई 2026) के तहत दूसरे दिन पन्ना टाइगर रिजर्व मुख्यालय एवं विभिन्न परिक्षेत्रों में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में बाघ संरक्षण, जैव विविधता तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कला प्रतियोगिताओं में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता
पन्ना टाइगर रिजर्व के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने मटका पेंटिंग, तवा पेंटिंग और क्ले आर्ट प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए बाघ, वन्यजीव एवं प्रकृति संरक्षण विषय पर आकर्षक और प्रेरणादायक कलाकृतियां प्रस्तुत कीं।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में रखे प्रभावशाली विचार
इसी क्रम में मुख्यालय स्तर पर केंद्रीय विद्यालय, पन्ना के सभागार में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और बाघों की सुरक्षा जैसे विषयों पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।
वन्यजीव संरक्षण के लिए जनजागरूकता अभियान
इसके साथ ही पन्ना टाइगर रिजर्व के विभिन्न परिक्षेत्रों में भी वन्यजीव संरक्षण विषयक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। अधिकारियों ने बाघ संरक्षण में जनसहभागिता की आवश्यकता पर बल देते हुए लोगों से प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
आगे भी जारी रहेंगे जागरूकता कार्यक्रम
अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा