
जबलपुर। अंतिम सावन सोमवार के अवसर पर सोमवार 24 अगस्त 2026 को जिला जबलपुर के गौरीघाट के समीप मां नर्मदा भटोली घाट रोड स्थित स्वयंभू सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक एवं विशाल भंडारा प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। आयोजन में सैकड़ों श्रद्धालु भक्तों, महिलाओं एवं बच्चों ने प्रसाद ग्रहण किया।
नर्मदा नदी से शिवलिंग लाकर कराया विराजमान
उल्लेखनीय है कि मंदिर के संस्थापक एवं सिद्ध पीठ श्री रामलला मंदिर के व्यवस्थापक पं. मनोज तिवारी द्वारा मां नर्मदा नदी से शिवलिंग लाकर मंदिर का निर्माण कराया गया तथा शिवलिंग को विधिवत विराजमान किया गया। मंदिर का नाम स्वयंभू सिद्धेश्वर महादेव मंदिर रखा गया है।
पंक्तिबद्ध बैठाकर श्रद्धालुओं को कराया प्रसाद ग्रहण
भंडारे में गुलाब जामुन, खीर, पूड़ी-सब्जी एवं पुलाव का प्रसाद सभी भक्तों को पंक्तिबद्ध बैठाकर स्टील की थाली में प्रेमपूर्वक परोसा गया। मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
‘दो रोटी में से एक रोटी भूखे को खिलाना चाहिए’
इस अवसर पर पं. मनोज तिवारी ने कहा कि गुरुवर के वचनों के अनुसार, दो रोटी में से एक रोटी यदि कोई भूखा आ जाए तो उसे भी खिलाना चाहिए। दाने-दाने पर खाने वाले का नाम लिखा होता है। इसी भाव से निरंतर अन्न सेवा की जा रही है।
सेवादारों और मातृशक्ति का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय सेवादारों एवं मातृशक्ति का विशेष सहयोग रहा। अंत में ‘सियावर रामचंद्र की जय’, ‘मां नर्मदा मैया की जय’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ आयोजन संपन्न हुआ।