गुफा में विराजे गुप्तेश्वर महादेव, वैष्णो देवी स्वरूप ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

जबलपुर। सावन माह के पावन अवसर पर परम पूज्य गुप्तेश्वर पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी मुकुंद दास जी महाराज के पावन सानिध्य में आज श्री गुप्तेश्वर महादेव का दिव्य वैष्णो देवी श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाकर गुफा का आकर्षक स्वरूप तैयार किया गया, जिसमें भगवान गुप्तेश्वर महादेव के वैष्णो देवी स्वरूप के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

गुफा के स्वरूप में सजा मंदिर परिसर

गुफा के भीतर की गई विशेष सजावट और मनोहारी श्रृंगार ने मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया। सावन माह में भगवान गुप्तेश्वर महादेव के नित्य नवीन श्रृंगार की श्रृंखला के तहत किए गए इस विशेष श्रृंगार को देखने के लिए शाम के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

सेवा एवं श्रृंगार में श्रद्धालुओं ने निभाई सहभागिता

आज के श्रृंगार एवं सेवा में मोनू राय, सार्थक परिहार, कमलेश जायसवाल, एड. उत्कर्ष रावत, नितिन, अतुल, आशीष, विकास एवं पियूष विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने भगवान गुप्तेश्वर महादेव की सेवा एवं पूजा-अर्चना में सहभागिता की।

सावन में प्रतिदिन हो रहे नित्य नवीन श्रृंगार

गुप्तेश्वर सेवा समिति द्वारा सावन माह में प्रतिदिन भगवान गुप्तेश्वर महादेव के नित्य नवीन श्रृंगार किए जा रहे हैं। इन श्रृंगारों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान के अलग-अलग दिव्य स्वरूपों के दर्शन का अवसर मिल रहा है।

गुप्तेश्वर सेवा समिति ने संस्कारधानी जबलपुर के समस्त श्रद्धालुओं से इन दिव्य श्रृंगारों के दर्शन एवं भगवान गुप्तेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचने का आग्रह किया है।

Back to top button