
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को रानीताल स्थित संभागीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, अभियानों और बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक ताकत उसके कार्यकर्ताओं से बनती है। कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण के चलते पार्टी लगातार मजबूत हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संकल्प को जमीन पर उतारने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस दौरान उन्होंने बीते दो वर्षों में हुए संगठनात्मक कार्यों का विवरण प्रस्तुत कर विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा भी की।
रोजगार और युवाओं की भागीदारी को बताया अहम
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने आर्थिक विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने, कृषि को मजबूत बनाने, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और भारत की वैश्विक भूमिका भी लगातार मजबूत हो रही है। किसानों, गरीबों और युवाओं को अवसर उपलब्ध कराकर ही विकास की गति को और तेज किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।
जमीनी कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत
जिला प्रभारी एवं पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि वर्तमान समय में देश के लिए समर्पित होकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण को एक अच्छे कार्यकर्ता की पहचान बताया। उनका कहना था कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही आम जनता के बीच पार्टी का सबसे प्रभावी चेहरा होता है।
जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन ने सामाजिक समरसता को देश के समग्र विकास से जोड़ते हुए कहा कि समाज में आपसी सद्भाव और समानता के बिना विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी। उन्होंने संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान की जानकारी भी साझा की।
बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और वंदे मातरम् के साथ हुई। इस अवसर पर वरिष्ठ नेताओं सुरेश देशपांडे, अनिल शर्मा, आनंद बर्नाड, विजयराज पटेरिया और राजकुमार मेहता का सम्मान किया गया। महामंत्री पंकज दुबे ने पावरप्वाइंट प्रस्तुति के जरिए आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी। रंजीत पटेल ने राजनीतिक प्रस्ताव तथा अमित सोनू बचवानी ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।