
जबलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि गोहलपुर स्थित गारमेंट एंड फैशन डिजाइन क्लस्टर मार्केट में पहुंचकर वहां के व्यापारियों, कर्मचारियों एवं प्रभावित परिवारों की समस्याओं को सुना गया। पिछले 8 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण पूरा क्लस्टर क्षेत्र गंभीर संकट से गुजर रहा है। बाजार में संचालित सैकड़ों गारमेंट इकाइयों का कामकाज पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जिससे हजारों लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
शर्मा ने कहा कि गारमेंट क्लस्टर जबलपुर के व्यापार और रोजगार का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी एवं कर्मचारी कार्य करते हैं। लगातार आठ दिनों से बिजली नहीं होने के कारण उत्पादन कार्य, मशीनों का संचालन, सिलाई-कटिंग, पैकिंग और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां बंद हैं। इससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं कर्मचारियों के सामने अपने परिवार का भरण-पोषण करने का संकट खड़ा हो गया है।
बिजली विभाग पर उदासीनता के आरोप
श्री शर्मा ने बताया कि व्यापारियों द्वारा कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन विभाग की उदासीनता और लापरवाही के कारण अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा विजयनगर संभाग के बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों को व्यापारियों की परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की गई।
चर्चा के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगामी 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी इस आश्वासन पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित करेगी कि व्यापारियों एवं कर्मचारियों को शीघ्र राहत मिले।
आंदोलन की चेतावनी
सौरभ नाटी शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार और बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा आम जनता, व्यापारी और श्रमिक वर्ग भुगत रहा है। बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो शहर जिला कांग्रेस कमेटी व्यापारियों, कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। आवश्यकता पड़ने पर बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया जाएगा तथा सड़क पर उतरकर जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
कार्यक्रम में प्रमोद पटेल, अनुज श्रीवास्तव, रितेश बंटी गुप्ता, रितेश नॉनटनी, विवेक यादव आदि उपस्थित रहे।