जाबालि लोक महोत्सव 2026: 250 बाल कलाकारों ने प्रस्तुत की लोक संस्कृति की झलक

जबलपुर। संस्कारधानी की समृद्ध और ऐतिहासिक लोक सांस्कृतिक परंपरा को सजीव करते हुए जाबालि लोक महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन मानस भवन प्रेक्षागृह में शाम 7 बजे से किया गया। यह आयोजन कदम संस्था द्वारा निशुल्क ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर के सफल 31 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।

250 बाल कलाकारों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

कार्यक्रम में 250 से अधिक नवोदित बाल लोक कलाकारों ने विभिन्न लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना गीत “इतनी शक्ति हमें देना दाता” एवं कदम गीत से हुई। इसके बाद गणेश वंदना, कठपुतली नृत्य, पंथी नृत्य, कालबेलिया, लांगुरिया, बधाई, राई, बुंदेलखंडी, उत्तराखंडी लोक नृत्य और देशभक्ति गीतों की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं।

अतिथियों ने किया शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक एवं जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, एमआईसी सदस्य विवेक राम सोनकर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

लोक संस्कृति के संरक्षण की सराहना

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश की लोक संस्कृति को संजोने और आगे बढ़ाने में कदम संस्था का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा तैयार किए जा रहे बाल कलाकार भविष्य में इस परंपरा को और आगे ले जाएंगे।

31 वर्षों की यात्रा साझा

कदम संस्था के संस्थापक योगेश गनौरे ने संस्था की 31 वर्षों की यात्रा साझा करते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कला और संस्कृति का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से यह पहल लगातार जारी है। उन्होंने सभी से सहयोग बनाए रखने की अपील की।

अनुशासन और संस्कृति का संगम

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे रत्नेश सोनकर ने कहा कि कला के साथ अनुशासन भी अत्यंत आवश्यक है, जिसे कदम संस्था नई पीढ़ी में विकसित कर रही है। उन्होंने आयोजकों और अभिभावकों को बधाई दी।

संस्थाओं का किया गया सम्मान

इस अवसर पर शहर की विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें रजक समाज, ब्लेसिंग किड्स पब्लिक स्कूल, अन्नपूर्णा सेवा समिति, शंखनाद ग्रुप, मानव अधिकार क्रांति, गहोई वैश्य समाज, चौरसिया समाज सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम का सफल संचालन

कार्यक्रम का संचालन कृष्णकांत दीक्षित द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन आकाश चौरसिया ने किया। बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं कला प्रेमी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Back to top button