पन्ना में झांसी की महिला को एक साथ मिले चार हीरे

सरकोहा की निजी खदान में 5 कैरेट 16 सेंट के हीरे मिले, दो उज्जवल और दो मटमैले किस्म के

राकेश कुमार शर्मा, पन्ना। किस्मत ने झांसी की गुड्डी देवी पर एक ही दिन में ऐसी मेहरबानी की कि उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पन्ना की सरकोहा स्थित निजी हीरा खदान में खुदाई के दौरान गुड्डी देवी को एक साथ चार बेशकीमती हीरे मिल गए। चारों हीरों का कुल वजन 5 कैरेट 16 सेंट है, जिनमें दो उज्जवल और दो मटमैले किस्म के हीरे शामिल हैं। चार हीरे एक साथ मिलने की खबर से गुड्डी देवी और उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।

हीरा कार्यालय में जमा कराए चारों हीरे

हीरा धारक गुड्डी देवी पति राजकुमार श्रीवास, निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश), को ये हीरे पन्ना के सरकोहा क्षेत्र की निजी खदान में मिले हैं। हीरे मिलने के बाद गुड्डी देवी शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट के हीरा कार्यालय पहुंचीं और नियमानुसार चारों हीरों का वजन करवाकर उन्हें जमा कराया।

दो उज्जवल और दो मटमैले किस्म के हीरे

हीरा पारखी अनुपम सिंह के अनुसार चारों हीरों में दो उज्जवल और दो मटमैले किस्म के हैं। इनमें 1.62 कैरेट और 1.29 कैरेट के दो उज्जवल किस्म के हीरे, जबकि 1.44 कैरेट और 0.81 कैरेट के दो मटमैले किस्म के हीरे शामिल हैं। सभी चारों हीरों का कुल वजन 5 कैरेट 16 सेंट है।

हीरा नीलामी में रखे जाएंगे

बताया गया कि उज्जवल किस्म के हीरों की बाजार में अपेक्षाकृत अच्छी मांग रहती है। इन चारों हीरों को आगामी हीरा नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में प्राप्त अधिकतम बोली के आधार पर नियमानुसार रॉयल्टी काटने के बाद शेष राशि हीरा धारक को प्रदान की जाएगी।