
जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने लोक भवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से सौजन्य भेंट कर उन्हें दीक्षांत का औपचारिक निमंत्रण सौंपा। इसके पूर्व कुलगुरु के निमंत्रण पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही अपनी स्वीकृति प्रदान कर चुके हैं। इस आयोजन के लिए 21 जून को देश की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के शामिल होने की पुष्टि भी हो चुकी है, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया है।
दीक्षांत समारोह को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों द्वारा व्यवस्थाओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सुरक्षा, मंच व्यवस्था और अतिथि सत्कार से जुड़ी तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके। तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
इस दौरान जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, एडीशनल एसपी/सीटी एसपी आयुष घाकड़, अपर संचालक कोष एवं लेखा रोहित सिंह कौशल एवं अन्य अधिकारियों द्वारा प्रभारी कुलगुरु प्रो. राकेश बाजपेयी, मुख्य संयोजक प्रो. एस.एस. संधू एवं कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल के साथ विभिन्न समितियों के संयोजकों से आयोजन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रोटोकॉल के अनुसार हो रही तैयारियां
दीक्षांत समारोह आयोजन समिति संयोजक प्रो. एस.एस. संधू एवं प्रो. राकेश बाजपेयी ने बताया कि समारोह में राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री को औपचारिक निमंत्रण भेजा जा चुका है और सभी की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उनके आगमन को देखते हुए सुरक्षा, मंच व्यवस्था और प्रोटोकॉल संबंधी तैयारियों को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है।
व्यवस्थाओं को किया जा रहा फाइनल
कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल ने बताया कि समारोह में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के आगमन समय, किट वितरण एवं पहचान-पत्र वितरण की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विशिष्ट अतिथियों के आवास एवं आतिथ्य की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई है। आयोजन समिति ने अतिथियों की सूची, स्वागत एवं प्रोटोकॉल से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।