श्रावण मास के तृतीय मंगलवार पर 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से सजे श्री बड़े महावीर जी

जबलपुर। श्रावण मास के तृतीय मंगलवार पर संस्कारधानी जबलपुर के मध्य विराजमान मराठा कालीन श्री बड़े महावीर जी स्वामी का 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से विशेष श्रृंगार किया गया। पं. आशीष पुजारी एवं शोभित पुजारी द्वारा भगवान श्री बड़े महावीर जी का यह विशेष श्रृंगार किया गया।

1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से हुआ श्रृंगार

श्रावण मास में भगवान शिव के पूजन-अर्चन एवं विभिन्न स्वरूपों के श्रृंगार के साथ ही जबलपुर में 12वें रुद्र अवतार भगवान हनुमान जी महाराज के श्रीविग्रह का भी मंगलवार को अलग-अलग स्वरूपों में श्रृंगार किया जाता है। इसी क्रम में तृतीय मंगलवार को श्री बड़े महावीर जी स्वामी को 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से सजाया गया।

इससे पूर्व भगवान हनुमान जी महाराज के श्रीविग्रह पर सिंदूर एवं चमेली तेल का चोला चढ़ाकर भी विशेष श्रृंगार किया जाता रहा है। मंगलवार को गुलाल, मोरपंख सहित विभिन्न स्वरूपों में श्रृंगार की परंपरा के क्रम में इस बार 1008 रामनाम अंकित तुलसी दल से भगवान का मनोहारी श्रृंगार किया गया।

श्रद्धालुओं ने किए दर्शन और पाठ

विशेष श्रृंगार के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने श्री बड़े महावीर जी स्वामी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष हनुमान चालीसा, संकटमोचन हनुमानाष्टक एवं बजरंग बाण का पाठ किया।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बड़े महावीर जी स्वामी से जबलपुर के सभी भक्तों के सदैव स्वस्थ, निरोगी एवं दीर्घायु रहने की कामना करते हुए प्रार्थना की। श्रावण मास के तृतीय मंगलवार पर हुए इस विशेष श्रृंगार के दौरान मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Back to top button