
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व में 1 अक्टूबर से शुरू होने वाले पर्यटन सीजन को लेकर प्रबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर अनुभव मिले, इसके लिए पर्यटन गाइडों का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया है।

गाइडों को दिए जंगल सफारी के गुर
मंडला परिक्षेत्र के कर्णावती व्याख्यान केंद्र में शनिवार को शुरू हुए प्रशिक्षण में करीब 60 गाइड शामिल हुए। विशेषज्ञों ने गाइडों को पर्यटकों के साथ व्यवहार, पार्क भ्रमण मार्गों, वन्यजीवों की जानकारी और पर्यटन संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

वन्यजीव सुरक्षा पर खास जोर
प्रशिक्षण के दौरान वन्यजीव सुरक्षा नियमों और जंगल में पर्यटकों को बरती जाने वाली सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। गाइडों को बताया गया कि पर्यटन के साथ वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास की मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
विशेषज्ञों ने साझा किया अनुभव
रिसोर्स पर्सन ए.के. खरे, एस.के. सिन्हा और करुण वर्मा ने विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में उप संचालक, सहायक संचालक मंडला, सहायक संचालक पन्ना, अधीक्षक केन घड़ियाल अभयारण्य खजुराहो, परिक्षेत्र अधिकारी मंडला सहित वन अमला मौजूद रहा।
सुरक्षित पर्यटन व्यवस्था पर प्रबंधन का फोकस
प्रबंधन का उद्देश्य है कि नए पर्यटन सीजन में प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को पन्ना के जंगल और वन्यजीवों की प्रमाणिक जानकारी देने के साथ सुरक्षित पर्यटन व्यवस्था में प्रभावी भूमिका निभाएं।