
जबलपुर। कुपोषण के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सेवा भारती महाकौशल प्रांत ने सुपोषण जागरूकता अभियान शुरू किया है। ‘सुपोषित भारत-स्वस्थ भारत-सशक्त भारत’ के संकल्प के साथ अभियान के पोस्टर का विमोचन किया गया।
अभियान के तहत नगर, बस्तियों और गांव-गांव में लोगों को सुपोषण के महत्व की जानकारी दी जाएगी। पोस्टर के माध्यम से कुपोषण के प्रकार, उसके लक्षण, कुपोषण के चक्र और बचाव के उपायों को सरल भाषा में समझाया गया है।
संतुलित आहार पर जोर
अभियान में नियमित और संतुलित भोजन के साथ हरी सब्जियां, फल, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, दाल तथा अन्य प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने का संदेश दिया जाएगा। आयरन, फोलिक एसिड और विटामिनयुक्त खाद्य पदार्थों के सेवन के साथ स्वच्छता को भी स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी बताया गया है।
पोस्टर में वजन कम होना, कमजोरी, बार-बार बीमार पड़ना, बालों का झड़ना और उम्र के अनुसार लंबाई कम होना कुपोषण के प्रमुख लक्षण बताए गए हैं।
गर्भवती महिलाओं और बच्चों पर विशेष फोकस
अभियान में गर्भवती महिलाओं के पौष्टिक आहार, नवजात शिशु के प्रथम सुपोषण, नियमित व्यायाम और स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। सेवा भारती के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सुपोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करेंगे।
ये रहे मौजूद
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में प्रांत संघ चालक प्रदीप दुबे, प्रांत अध्यक्ष डॉ. संजय खन्ना, कैंट विधायक अशोक रोहाणी, मेडिकल कॉलेज डीन डॉ. नवनीत सक्सेना, सीएमएचओ नवीन कोठारी, डॉ. विवेक अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय प्रेरक डॉ. अनुराग सोनी और प्रांत संगठन मंत्री आत्माराम दीक्षित उपस्थित रहे।