“धर्मातयन” श्री जिनमंदिर में कल मनाया जाएगा श्री पुष्पदंत भगवान का मोक्ष कल्याणक

दशलक्षण महापर्व के चौथे दिन उत्तम शौच धर्म के अवसर पर होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन

जबलपुर। दशलक्षण महापर्व के चौथे दिन 19 सितंबर को महाष्टमी के अवसर पर श्री महावीर स्वामी मार्ग स्थित “धर्मातयन” श्री जिनमंदिर में उत्तम शौच धर्म एवं श्री पुष्पदंत भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में होने वाले आयोजन में प्रतिदिन प्रातः एवं रात्रि 7.30 बजे से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उत्तम आर्जव धर्म के अवसर पर हुआ जलाभिषेक

दशलक्षण महापर्व के तीसरे दिन उत्तम आर्जव धर्म के अवसर पर धर्मातयन श्री जिनमंदिर के प्रथम एवं द्वितीय तल पर विराजमान श्रीजी का जलाभिषेक महोत्सव भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इसके पश्चात महिला-पुरुष, युवक-युवतियों एवं बच्चों ने सामूहिक पूजन में भाग लेकर आराधना की।

सरलता और निष्कपटता अपनाने का दिया संदेश

मुंबई से विशेष रूप से आमंत्रित विद्वान पंडित विपिन शास्त्री जी ने शास्त्र स्वाध्याय के दौरान उत्तम आर्जव धर्म की व्याख्या करते हुए मन, वचन एवं शरीर में सरलता और निष्कपटता अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने धर्म के माध्यम से आत्मशुद्धि और जीवन में सद्गुणों को अपनाने की प्रेरणा दी।

तत्वार्थ सूत्र की कक्षा में हो रहा धर्मग्रंथों का अध्ययन

महापर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से तत्वार्थ सूत्र की कक्षा भी आयोजित की जा रही है, जिसमें श्रद्धालु धर्मग्रंथों एवं जैन दर्शन का अध्ययन कर रहे हैं।

उत्तम शौच धर्म में लोभ त्याग का संदेश

19 सितंबर को उत्तम शौच पर्व है। उत्तम शौच धर्म के माध्यम से लोभ का त्याग कर आंतरिक एवं बाह्य पवित्रता बनाए रखने का संदेश वीतरागी भगवान द्वारा दिया गया है।

धर्मलाभ लेने का किया आग्रह

आयोजन की जानकारी जैन युवा फेडरेशन के अध्यक्ष अभिषेक जैन, सचिव संदीप जैन, धर्मप्रचारक नितिन जैन, निशांत जैन, विशाल जैन एवं अखिलेश जैन ने संयुक्त रूप से दी। श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन ने सभी जैन धर्मावलंबियों से आयोजन में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।