पांच राज्‍यों के विधानसभा चुनावों में रचा इतिहास, ऐसा पहले नहीं हुआ

नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में इतिहास रच दिया गया है। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरलम और पुदुचेरी के चुनाव परिणामों ने देश की राजनीति में नया अध्याय जोड़ दिया है। इन चुनावों ने ऐसी छाप छोड़ी है कि यह चर्चा का विषय बन गए हैं। खासतौर से पश्चिम बंगाल के चुनाव के नतीजों ने पूरी बाजी पलट दी और भाजपा को सत्ता सौंप दी।

असम में तीसरी बार भाजपा की सरकार बन रही है। वहीं तमिलनाडु में दो साल पहले बनी पार्टी टीवीके सरकार में आ रही है। एक बड़ा परिवर्तन केरलम में हुआ, जहां लेफ्ट हार गई। इस तरह से पूरे देश से वाम दल का शासन खत्म हो गया। केवल केरलम तक लेफ्ट सीमित थी, वहां से भी वह विदा हो गई।

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम

पश्चिम बंगाल में 294 सीट हैं लेकिन एक सीट पर फिर से वोटिंग होगी, इस तरह से 293 सीट के चुनाव परिणाम घोषित किए गए। जिसमें भाजपा को 206 सीट, टीएमसी 81, कांग्रेस 2, लेफ्ट 1 सीट मिली। भाजपा को वोट प्रतिशत 45.85% और टीएमसी का 40.80% रहा।

ममता बैनर्जी को सुवेंदु अधिकारी ने 15,105 वोट से हरा दिया। चुनाव में टीएमसी ने एसआइआर को मुद्दा बनाया लेकिन वह कारगर साबित नहीं हुआ। वहीं भाजपा ने बिना डर के मतदान करने के लिए मतदाता को जागरूक किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हुआ। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा को महिला वोटर्स का साथ मिला।

असम चुनाव परिणाम

असम में कुल 126 सीटें हैं। भाजपा को 102, कांग्रेस को 21 सीट मिली। भाजपा को वोट प्रतिशत 46.8% और कांग्रेस का 30.2% रहा। असम में हिमंता बिस्वा सरमा पर लोगों ने विश्वास किया। वहां घुसपैठियों को बाहर निकालने की बात हमेशा वे कहते रहे। वे सीएम का फेस भी रहे।

तमिलनाडु चुनाव परिणाम

तमिलनाडु में कुल 234 सीटें हैं। टीवीके को 107 सीट, एडीएमके को 53, डीएमके को 65 सीट मिली। टीवीके का वोट प्रतिशत 34.9%, एडीएमके का 25.5% और डीएमके का 30.3% रहा। सुपर स्टार विजय थलापति की पार्टी टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर आई है। तमिलनाडु में पहली बार स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। बहुमत के लिए 118 सीट चाहिए। गठबंधन के साथ टीवीके सरकार बनाएगी।

केरलम चुनाव परिणाम

केरलम में कुल 140 सीटें हैं। यूडीएफ को 102 सीट, एलडीएफ को 35 सीट, अन्य को 03 सीट मिलीं। यूडीएफ को वोट प्रतिशत 45.7% और एलडीएफ का 29.6% रहा। केरलम में 49 साल में पहली बार ऐसा हुआ है कि देश में कहीं भी वाम सरकार नहीं है। 1977 से अब तक देश के किसी न किसी राज्य में वाम दल की सरकार हमेशा रही है। केरलम में यूडीएफ सत्ता में आ गई है।

पुदुचेरी चुनाव परिणाम

पुदुचेरी में कुल 30 सीटें हैं। भाजपा को 18, कांग्रेस को 06 सीट मिलीं। भाजपा को वोट प्रतिशत 35.9% और कांग्रेस का 32.5% रहा।

Back to top button