
भोपाल। दतिया उपचुनाव में भाजपा के प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की हार के बाद भाजपा ने समीक्षा बैठक की और दतिया कार्यकारिणी को भंग कर दिया। इसमें जिलाध्यक्ष को भी हटा दिया। भाजपा ने मंगलवार को बैठक करके निर्णय लिया और गठित समिति की अनुशंसा पर प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने यह कार्रवाई की।
पार्टी के आदेश के बाद जिला कार्यसमिति, सभी मंडलों, मोर्चा प्रकोष्ठों, प्रकल्पों व विभागों के पदाधिकारियों को हटा दिया। भाजपा ने रिपोर्ट बनाने के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई, जिसमें गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा थे। कमेटी ने सभी से बात करके रिपोर्ट बनाई।
समीक्षा बैठक में सीएम मोहन यादव समेत कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक की शुरुआत सुबह 11 बजे हुई, जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत अनेक प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित थे। समीक्षा बैठक में गौरव रणदिवे और अंबाराम कराड़ा की दो सदस्यीय समिति बनाई गई। इस समिति की रिपोर्ट के आधार पर रात 9 बजे दतिया जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई। इसमें जिला अध्यक्ष समेत 7 उपाध्यक्ष, 8 मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यालय प्रभारी थे। इसके अलावा पार्टी ने मोर्चा, मंडल अध्यक्ष और सभी इकाइयों को भंग कर दिया है।
नरोत्तम मिश्रा की भूमिका पर संगठन तैयार कर रहा रिपोर्ट
बैठक में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर ठीकरा फोड़ा। हालांकि अभी नरोत्तम मिश्रा की चुनाव में भूमिका पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। चुनाव में उनकी भूमिका को लेकर संगठन रिपोर्ट बना रहा है। इसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा। इसके बाद दिल्ली में निर्णय होगा।