गैसाबाद में व्यारमा नदी पर बने नए पुल का जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

दमोह/गैसाबाद। हटा-गैसाबाद में व्यारमा नदी पर नवनिर्मित पुल के शुरू होने के बाद क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था अब सुचारू हो गई है। लंबे समय से बंद पड़े इस पुल के चालू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

विधायक उमा देवी खटीक ने किया निरीक्षण

गुरुवार को हटा विधायक उमा देवी खटीक ने मंडल अध्यक्ष गोपाल पटेल, लक्ष्मण तिवारी, शैलेष पटैल, रणधीर दाहिया, मुकेश पटैल एवं जितेंद्र चौरसिया के साथ पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा भी मौजूद रहे।

गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पुल की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्थाओं और यातायात संचालन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ताकि आवागमन सुरक्षित और सुचारू बना रहे।

आवागमन में मिलेगी बड़ी राहत

विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्रवासी इस पुल के पूर्ण रूप से चालू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब पुल के शुरू होने से गैसाबाद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही दमोह और पन्ना जिलों के बीच संपर्क भी पहले से बेहतर होगा।

आठ महीने बाद चालू हुआ पुल

यह पुल करीब 8 महीने से बंद पड़ा था, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। पुल को चालू कराने के लिए स्थानीय नागरिकों ने कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई थी।

बाजार बंद कर किया गया था विरोध

स्थानीय लोगों ने पुल चालू कराने की मांग को लेकर एक दिन का बाजार भी बंद रखा था और विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अंततः पुल को शुरू किया जा सका।

क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर

पुल चालू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन का आभार जताया। लोगों का कहना है कि इस पुल के शुरू होने से उनका दैनिक जीवन अब काफी आसान हो जाएगा।

रिपोर्ट: जिमी नगरिया

Back to top button