
जबलपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जया श्रीवास्तव, जिला मीडिया अधिकारी श्री अजय कुरील तथा सदस्य विकास श्रीवास्तव के जांच दल द्वारा कांचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स सैंपल कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में इलाइट इंजीनियरिंग बायोमेडिकल वेस्ट का रजिस्टर प्राप्त नहीं हुआ तथा डॉ. लाल पैथलैब्स सैंपल कलेक्शन सेंटर में कार्यरत टेक्नीशियन के पास न्यू दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल अथवा मध्य प्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन नहीं मिला। सेंटर को तत्काल सील कर उन्हें तीन दिवस का समय दिया गया है कि वह सेंटर से संबंधित व कार्यरत स्टाफ के समस्त डॉक्यूमेंट लेकर सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित हों।
जनता पाइल्स हॉस्पिटल में भी मिली अनियमितता
इसके अलावा सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी के द्वारा आज लेबर चौक, स्नेह नगर, जबलपुर स्थित जनता पाइल्स हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया गया। वहां पर अनियमितता मिलने पर तत्काल सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने मौखिक निर्देश देकर जिला मीडिया अधिकारी श्री अजय कुरील व सदस्य विकास श्रीवास्तव को निरीक्षण करने को भेजा गया।
निरीक्षण के दौरान हॉस्पिटल का पंजीयन आयुर्वेदिक उपचार के लिए किया गया था, लेकिन वहां एलोपैथिक दवाइयां प्राप्त हुईं। इलाइट इंजीनियरिंग बायोमेडिकल वेस्ट का पंजीयन था, परंतु मेंटेनेंस रजिस्टर नहीं मिला। अस्पताल को नोटिस देकर सभी कार्यरत स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता सर्टिफिकेट तथा अस्पताल के पंजीयन से संबंधित समस्त डॉक्यूमेंट लेकर विक्टोरिया सीएमएचओ ऑफिस में तीन दिवस के अंदर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए।