
जबलपुर। श्रावण मास अर्थात् भूतभावन भगवान महादेव की आराधना का पावन मास है। इस धरती पर भगवान शिव जैसा कृपालु, दयालु कोई दूसरा देव नहीं है। जल, दूध, बेलपत्र, प्रणाम मात्र से ही ये प्रसन्न होकर मनोवांछित फल प्रदान कर देते हैं। भगवान महादेव स्वयं अभाव में रहते हुए भी भक्तों के अभावों को हरने वाले हैं।

अल्प आराधना से प्रसन्न होते हैं आशुतोष महादेव
आशुतोष भगवान महादेव की अल्प आराधना भी रंक को राजा बना देती है। इस पावन श्रावण मास में भगवान महादेव का अर्चन करके अपने जीवन को सफल एवं सार्थक बनाने का सौभाग्य हम सबको अवश्य प्राप्त करना चाहिए।
भूतभावन भगवान महादेव से समस्त विश्व के मंगल एवं कल्याण की कामना करते हुए प्राणीमात्र पर आपकी कृपा दृष्टि बनी रहे, ऐसी साम्ब सदाशिव प्रभु के श्री चरणों में प्रार्थना करना चाहिए। उक्त उद्गार जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने नरसिंह मंदिर में श्रावण मास महोत्सव के प्रथम सोमवार को रूद्राभिषेक महापूजन में कहे।
महाभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
महाभिषेक में सतीश गोमती मिश्रा, इन्दु राजेंद्र प्यासी, लोकराम कोरी, उर्मिला यादव, राधा दीक्षित, एस वी मिश्रा, उमेश तिवारी, शैलेंद्र गोटिया, संजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त जनों की उपस्थिति रही।