हर मेडिकल स्टोर पर CCTV अनिवार्य करना छोटे केमिस्टों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ: AIOCD

AIOCD ने मेडिकल स्टोर्स पर CCTV अनिवार्य करने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार की मांग की

नई दिल्ली। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने देशभर की प्रत्येक फार्मेसी एवं मेडिकल शॉप पर CCTV कैमरे, DVR/NVR सिस्टम एवं संबंधित निगरानी व्यवस्था अनिवार्य किए जाने के प्रस्ताव पर पुनर्विचार की मांग की है।

छोटे केमिस्टों पर बढ़ सकता है आर्थिक भार

AIOCD के अध्यक्ष जे एस शिंदे और सचिव राजीव सिंघल ने कहा कि देश के लगभग 140 करोड़ नागरिकों को प्रतिदिन लाखों केमिस्ट सुरक्षित एवं वैधानिक रूप से दवाइयाँ उपलब्ध करा रहे हैं। गंभीर अनियमितताओं की घटनाएँ अत्यंत सीमित हैं। ऐसे में प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर 6–8 CCTV कैमरे, DVR/NVR, स्टोरेज, वायरिंग, इंटरनेट एवं रखरखाव का खर्च छोटे एवं मध्यम केमिस्टों के लिए ₹50,000 से ₹1 लाख या उससे अधिक का अतिरिक्त आर्थिक भार बन सकता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को लेकर व्यावहारिक कठिनाई

AIOCD के अनुसार ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बिजली की अनियमितता, कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा प्रशिक्षित तकनीशियनों की अनुपलब्धता के कारण 24 घंटे CCTV रिकॉर्डिंग की व्यवस्था व्यावहारिक रूप से कठिन है। विशेषकर छोटे गाँवों और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में सभी मेडिकल स्टोर्स पर एक समान व्यवस्था लागू करना उचित नहीं होगा।

सरकार से वित्तीय सहायता की मांग

AIOCD ने सरकार से अनुरोध किया है कि यदि CCTV निगरानी को सार्वजनिक सुरक्षा एवं नियामकीय दृष्टि से आवश्यक माना जाता है, तो इसकी स्थापना एवं रखरखाव के लिए सरकार द्वारा आवश्यक अवसंरचना अथवा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। अन्यथा अनिवार्य CCTV व्यवस्था को वापस लेकर व्यावहारिक एवं अनुपातिक विकल्प पर विचार किया जाए।

दवाइयों की निर्बाध आपूर्ति में सहयोग का भरोसा

AIOCD ने कहा कि केमिस्ट समुदाय सरकार के साथ सदैव सहयोग करता रहा है और जनता को दवाइयों की निर्बाध एवं सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करता रहेगा। साथ ही, किसी भी नए अनुपालन का निर्धारण करते समय छोटे केमिस्टों की वास्तविक जमीनी कठिनाइयों को ध्यान में रखा जाना चाहिए।