
11 जुलाई 2025 से सावन का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन भगवान शिव की भक्ति और उपासना के लिए सबसे महत्वपूर्ण महिना माना जाता है। इस बार चार सावन सोमवार पड़ेंगे। शिव के भक्तों के लिए यह सुनहरा अवसर है कि वे भगवान को प्रसन्न करें और अपने जीवन में सुख-शांति, प्रेम और सफलता पाएं।
क्यों खास है सावन
आचार्य सौरभ उपाध्याय के अनुसार पौराणिक मान्यता है कि समुद्र मंथन के समय शिव जी ने विष पिया था और उन्हें शीतलता देने के लिए देवताओं ने जल अर्पित किया। तभी से सावन में शिवलिंग पर जल चढ़ाने की परंपरा है। युवाओं में भी इस महीने का बड़ा क्रेज है-कांवड़ यात्रा, दोस्तों के साथ मंदिर जाना और सोशल मीडिया पर शिव मंत्र शेयर करना ट्रेंड बन गया है।

सावन में शिव को प्रसन्न करने करें यह उपाय
- रोज सुबह शिवलिंग पर जल चढ़ाएं: घर या मंदिर में शुद्ध जल, दूध या गंगाजल से अभिषेक करें।
- बेलपत्र अर्पण करें: शिवलिंग पर तीन पत्तियों वाला बेलपत्र चढ़ाना बेहद शुभ माना जाता है।
- महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें: रोज कम से कम 108 बार “ॐ त्र्यम्बकं यजामहे…” का जाप करें।
- सोमवार का व्रत रखें: श्रद्धा से व्रत रखने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
- शिव चालीसा और आरती पढ़ें: शाम को दीप जलाकर शिव चालीसा का पाठ करें और आरती गाएं।
- सात्विक जीवन अपनाएं: मद्यपान, मांसाहार और क्रोध से दूर रहें।
युवाओं के लिए खास संदेश
आज की पीढ़ी भगवान में आस्था के साथ-साथ स्टाइल भी चाहती है। कई युवा ग्रुप बनाकर मंदिर जाते हैं, कांवड़ यात्रा करते हैं, टी-शर्ट पर हर हर महादेव लिखवाते हैं। यह उत्साह अच्छा है, लेकिन याद रखें-सावन में नियम, संयम और सेवा का भी महत्व है। सोशल मीडिया पर शिव मंत्र शेयर करें, लेकिन असली भक्ति अपने व्यवहार में लाएं।
पार्थिव शिवलिंग पूजन का महत्व
मिट्टी का शिवलिंग बनाकर पूजा करना बहुत फलदायी माना जाता है। इसे पार्थिव शिवलिंग कहते हैं। भक्त इसे बनाकर अभिषेक करते हैं और बाद में नदी या जल में विसर्जित कर देते हैं। मान्यता है कि इससे हर तरह की बाधाएं दूर होती हैं और सुख-समृद्धि मिलती है।
चार सोमवार का विशेष संयोग
इस बार सावन में चार सोमवार पड़ने से इसका महत्व और बढ़ जाता है। हर सोमवार को शिव मंदिरों में विशेष भीड़ रहेगी। भक्त सुबह से जलाभिषेक और पूजा के लिए उमड़ते हैं। व्रती लोग दिनभर व्रत रखते हैं और शाम को कथा और आरती करते हैं।
आस्था और भक्ति का पर्व
सावन सिर्फ एक महीना नहीं, बल्कि शिवभक्ति, आस्था और आत्मशुद्धि का पर्व है। चाहे युवा हों या बुजुर्ग, सभी इसमें भाग लेकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं। इस सावन में शिव जी को प्रसन्न करें और अपने जीवन में खुशहाली लाएं।