पश्चिम बंगाल चुनाव दूसरे फेज की वोटिंग 29 अप्रैल को, चुनाव प्रचार थमा

पश्चिम बंगाल में 142 सीटों के लिए दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। दूसरे चरण में 3.21 करोड़ वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें महिला वोटर 1.57 करोड़, पुरुष वोटर 1.67 करोड़ व 792 अन्य वोटर्स अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

7 जिलों में होगी वोटिंग

बंगाल के दूसरे चरण में 7 जिलों में वोटिंग होगी। इसमें उत्तर 24 परगना की 33 सीट, दक्षिण 24 परगना की 31 सीट, हावड़ा की 16, कोलकाता की 11, नदिया की 17, पूर्व वर्धमान 16, हुगली 18 सीटों के लिए 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके लिए चुनाव आयोग ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था कर ली है।

चुनाव प्रचार के दौरान हमला

पश्चिम बंगाल के हुगली में टीएमसी सांसद मिताली बाग की कार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। वे जब गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं, तभी हमलावरों ने उनकी कार पर हमला किया, जिससे उनकी कार के शीशे टूट गए। इससे मिताली बाग और उनके ड्राइवर को चोट आई।

चुनाव प्रचार थमा

29 अप्रैल को होने वाली वोटिंग के लिए सोमवार को चुनाव प्रचार थम गया। गृह मंत्री अमित शाह ने इसके पहले बेहाला में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद भी कम से कम दो माह तक केंद्रीय बल बंगाल में तैनात रहेंगे।

Back to top button